MP Samachar : सीएम का ऐलान- इन जनप्रतिनिधियों का बढ़ेगा मानदेय

MP Samachar : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सभी नगरीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के मानदेय में 20 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास में रक्षाबंधन की थीम पर आयोजित देवी अहिल्याबाई होल्कर-महिला जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित करते कहा कि अगले महीने से इसका लाभ सभी महापौर, अध्यक्ष, सभापति, उपाध्यक्ष और पार्षदों को मिलेगा।

MP Samachar : सीएम का ऐलान- इन जनप्रतिनिधियों का बढ़ेगा मानदेय

MP Samachar : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सभी नगरीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के मानदेय में 20 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास में रक्षाबंधन की थीम पर आयोजित देवी अहिल्याबाई होल्कर-महिला जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित करते कहा कि अगले महीने से इसका लाभ सभी महापौर, अध्यक्ष, सभापति, उपाध्यक्ष और पार्षदों को मिलेगा।

नगर पालिका निगम के महापौर का मानदेय 22 हजार रुपए से बढ़कर 26 हजार 400 रुपए, उपाध्यक्ष का मानदेय 18 हजार से बढ़कर 21 हजार 600 रुपए और पार्षद का मानदेय 12 हजार से बढ़कर 14 हजार 400 रुपए प्रतिमाह हो जाएगा। नगरपालिका अध्यक्ष का मानदेय 6 हजार से बढ़कर प्रतिमाह 7 हजार 200 रुपए, उपाध्यक्षों का मानदेय 4 हजार 800 से बढ़कर 5 हजार 760 रुपए प्रति माह होगा और पार्षद का मानदेय 3 हजार 600 से बढ़कर 4 हजार 320 प्रति माह होगा।

नगर परिषद के अध्यक्ष 4 हजार 800 के स्थान पर 5 हजार 760 रुपए, उपाध्यक्ष 4 हजार 200 के स्थान पर 5 हजार 40 रुपए और पार्षद 2 हजार 800 रुपए प्रति माह के स्थान पर 3 हजार 360 रुपए प्रतिमाह प्राप्त करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हस्तांतरणीय विकास अधिकार (टीडीआर) वेब एप्लीकेशन का लोकार्पण भी किया और सर्टिफिकेट जनरेशन प्रक्रिया की शुरूआत की।

विशेष प्रोत्साहन योजना लागू होगी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नगरीय निकायों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। करों व शुल्कों के माध्यम से स्वयं की आय में अपने संभाग में सबसे अधिक वृद्धि करने वाली नगर पालिका को 5 करोड़ रुपए तथा नगर परिषद को 2 करोड़ रुपए प्रतिवर्ष प्रोत्साहन के रूप में दिए जाएंगे। इस राशि का उपयोग पार्षद निधि के रूप में जन-प्रतिनिधियों द्वारा अपनी अनुशंसित अधोसंरचनात्मक कार्यों पर किया जायेगा।

विशेष सिटी बस और पिंक टॉयलेट

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जेंडर बजट तैयार कर माता-बहनों की सुरक्षा व सुविधा के लिए अनुपूरक बजट में विशेष प्रावधान किये जा रहे हैं, जिसके अंतर्गत सीसीटीवी परियोजना, महिलाओं के लिए स्थानीय परिवहन हेतु सिटी बस में विशेष प्रावधान और विशेष पिंक टॉयलेट आदि की व्यवस्था की जाएगी।

साथ ही महिला उद्यमियों के लिए निकायों में प्राथमिकता वाले विशेष प्रावधान और हितग्राही मूलक योजनाओं में महिलाओं का नाम अंकित करना जैसी योजनाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

महिला आधारित उद्योगों को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष-2025 को प्रदेश उद्योग आधारित वर्ष के रूप में मनाने वाला है। अत: लघु-कुटीर उद्योग, महिला स्व-सहायता समूह और एमएसएमई को मिलाकर महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी दिशा में प्रतिमाह रीजनल इन्वेस्टर समिट आयोजित की जा रही है़। अगस्त माह में ग्वालियर, सितंबर में सागर और अक्टूबर में रीवा में इन्वेस्टर समिट होंगी।

संपूर्ण प्रदेश में महिला आधारित उद्योगों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने 300 वर्ष पहले महेश्वरी साड़ी उत्पादन की शुरुआत कर स्व-रोजगार की दिशा में प्रभावी कदम उठाया था। इसी प्रकार महिला जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सशक्त भूमिका निभाएं।

अधिग्रहित जमीन का देंगे मुआवजा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर ग्वालियर, सतना और रीवा में 24 मीटर से अधिक चौड़ी सड़कों का चौड़ीकरण करने के लिए भूमि अधिग्रहीत करने पर मुआवजा प्रदान किया जाएगा। यह अधिकार विस्तार सभी 16 नगर निगमों में किया जाएगा।

नगर निगम को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रावधान किये जा रहे हैं। इसमें एफएआर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। नगर निगम को नगरीय विकास के लिए आर्थिक रूप से अधिक सशक्त किया जाएगा। इससे निगम अपनी आय के साधन भी सृजित कर सकेंगे।

आलता व मेहंदी की भी थी व्यवस्था

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्या-पूजन और दीप प्रज्ज्वलित कर तथा देवी अहिल्या के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास आईं बहनों का पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया, उनसे राखी बंधवाई तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यक्रम में पहुंचने पर ढोल ढमाके और नृत्य के बीच तिलक कर उनका स्वागत किया गया।

उत्सवपूर्ण माहौल में आयोजित सम्मेलन में लगाए गए राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, पीएम स्वनिधि और स्व-सहायता समूह के उत्पादों की प्रदर्शनी मेले का आभास दे रही थी। बहनों के लिए जहां एक और राखी, श्रृंगार सामग्री, खाद्य सामग्री, सलवार सूट-साड़ियों के स्टॉल लगाए गए थे, वहीं आलता और मेहंदी लगवाने की भी व्यवस्था थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और मंत्री श्री विजयवर्गीय ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर महिला उद्यमियों से चर्चा भी की।

Uttam Malviya

उत्तम मालवीय : मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button